कृषि महाविद्यालय कोटवा में द्वितीय एवं तृतीय वर्ष के छात्रों द्वारा कम लागत का एक इनक्यूबेटर (अंडा सेने की मशीन) तैयार किया गया है। जिसमें मुर्गी व बत्तख के अंडे रखकर चूजे तैयार किए जाएंगे। महाविद्यालय के अधिष्ठाता प्रो. धीरेंद्र कुमार सिंह व डॉ संदीप कुमार पांडेय सहायक प्राध्यापक कृषि अभियांत्रिकी के मार्गदर्शन में इस इनक्यूबेटर को बनाया गया। कृषि विज्ञान केंद्र में पहले से ही इनक्यूबेटर की मदद से चूजे तैयार किए जा रहे हैं। छात्रों के इस नवाचार से चूजों के उत्पादन में वृद्धि होगी। इसको तृतीय वर्ष के छात्र अनुराग कुशवाहा, शिवम पाल, आशीष राव, अंकित सिंह, आशुतोष यादव और अभिषेक कुमार गुप्ता द्वारा इनक्यूबेटर (अंडे सेने की मशीन) को बनाया गया। इससे किसानों की आमदनी में इजाफा होगा। भविष्य में यह स्वरोजगार के अवसर के रूप में कार्य करेगा। इनक्यूबेटर से तैयार चूजों को कृषि महाविद्यालय व कृषि विज्ञान केंद्र कोटवा के आसपास के किसानों को वितरित किया जाएगा।