महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह के अंतिम दिन सांस्कृतिक कार्यक्रम में मां दुर्गा की झांकी।
- फोटो : AZAMGARH
श्रीअग्रवाल हितकारिणी न्यास ट्रस्ट आजमगढ़ द्वारा महाराजा अग्रसेन जयंती समारोह के अंतर्गत चार दिवसीय महाराजा अग्रसेन महोत्सव का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के अंतिम दिन रविवार को सांस्कृतिक संध्या का आयोजन किया गया। जिसके मुख्य अतिथि विधान परिषद सदस्य पूर्व आईएएस व भाजपा के प्रदेश उपाध्यक्ष एके शर्मा रहे। ट्रस्ट के सम्मानित सदस्यों के साथ मुख्य अतिथि ने महाराजा अग्रसेन जी की प्रतिमा के सम्मुख दीप जलाकर समारोह का उद्घाटन किया। मुख्य अतिथि का स्वागत अंगवस्त्रम माल्यार्पण व प्रतीक चिन्ह देकर ट्रस्ट के अध्यक्ष सुदर्शन दास अग्रवाल, मंत्री शशि भूषण अग्रवाल मुकुल, व कोषाध्यक्ष सुनील कुमार अग्रवाल गप्पू ने किया। मुख्य अतिथि का स्वागत श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय के प्रबंधक सुधीर अग्रवाल ने किया। प्रदेश उपाध्यक्ष अरविंद कुमार शर्मा ने कहा कि अग्रवाल समाज सदैव ही समाज सेवा के कार्यों में बढ़-चढ़कर अपने अग्रज महाराजा अग्रसेन की प्रेरणा से कार्य करता है। शैक्षणिक व सामाजिक क्षेत्र में अग्रवाल समाज की अहम भूमिका रही है। ऐसे समारोह के माध्यम से हम समाज में सामाजिक एकता वह समरसता का बोध कराते हैं। अग्रवाल समाज आजमगढ़ का यह कार्य बहुत ही सराहनीय है। जब भी समाज को हमारी जरूरत होगी हर संभव मदद करने के लिए तैयार रहेंगे। महाराजा के सांस्कृतिक समारोह में महाराजा अग्रसेन जी के जीवन चरित्र पर आधारित नृत्य नाटिका को सुमन रिंकू जीत एंड ग्रुप कोलकाता पश्चिम बंगाल ने आकर्षक व मनमोहक रूप में प्रस्तुत किया। साथी कलाकारों द्वारा श्री कृष्ण महाराज, रावण वध व महिषासुरमर्दिनि की मनमोहक प्रस्तुतियां की गई। हुनर संस्थान आजमगढ़ द्वारा रामलीला का भावपूर्ण मंचन किया गया। साथ ही अग्रवाल समाज की महिलाओं द्वारा डांडिया नृत्य व भजन का कार्यक्रम प्रस्तुत किया गया। जिसमें समाज की महिलाओं और बच्चों ने बढ़ चढ़कर हिस्सा लिया।