आजमगढ़। भाजपा के जिला उपाध्यक्ष को 26 अक्तूबर को फोन पर जान से मारने की धमकी देने और पिस्टल तानने के मामले ने तूल पकड़ लिया है। मामला शासन स्तर पर पहुंचा तो पंचायती राज विभाग के निदेशक अनुज कुमार झा ने एडीओ पंचायत को तत्काल प्रभाव से निलंबित करते हुए जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से संबद्घ कर दिया। मामले की जांच उप निदेशक आजमगढ़ को सौंपी है। भाजपा नेता हरिबंश मिश्रा व बिलरियागंज में तैनात एडीओ पंचायत शांतिशरण सिंह के बीच फोन पर गाली-गलौज का मामला सामने आया तो सीडीओ आनंद कुमार शुक्ला ने तीन सदस्यीय टीम गठित कर जांच कराने के निर्देश दिए। जबकि भाजपा नेता की तहरीर पर शहर कोतवाली पुलिस ने मामले में एडीओ पंचायत के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया था। वहीं एडीओ पंचायत की तहरीर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष हरिबंश मिश्रा पर भी मुकदमा दर्ज हुआ। सीडीओ द्वारा गठित जांच कमेटी द्वारा दोनों के बयान लेकर जांच कर आख्या निदेशक को भेज दी गई। मामला पंचायती राज विभाग के निदेशक अनुज कुमार झा के पास पहुंचा तो उन्होंने इसे संज्ञान में लेते हुए एडीओ पंचायत को निलंबित कर दिया। जांच में एक आडियो में एडीओ पंचायत द्वारा गाली गलौज और जान से मारने की धमकी भी दी गई थी। दूसरे बिंदु पर भी जांच हुई जिसमें कलेक्ट्रेट स्थित चाय की दुकान पर एडीओ द्वारा जान से मारने का प्रयास किया गया। वहां मौजूद दुकानदारों से पता चला कि यहां विवाद किया गया। मारने के लिए ईंट-पत्थर भी हाथ में उठाए गए। हालांकि पिस्टल तानने की पुष्टि किसी ने नहीं की। ठीम ने जांच रिपोर्ट निदेशक को भेज दी। जिस पर उक्त कार्रवाई की गई। श्रीकांत दर्वे, एडीपीआरओ श्रीकांत दर्वे ने बताया कि एडीओ पंचायत के नियुक्ति प्राधिकारी निदेशक होते हैं। हमारे यहां से कोई कार्रवाई नहीं हुई है। निदेशक ने एडीओ पंचायत को निलंबित करते हुए जिला पंचायत राज कार्यालय से संबद्घ कर दिया है। उप निदेशक को जांच अधिकारी नामित किया है।