आजमगढ़। उप्र राजर्षि टंडन मुक्त विश्वविद्यालय प्रयागराज द्वारा सत्र 2023-24 में बीएड विशिष्ट शिक्षा में प्रवेश प्रक्रिया बीएड स्पेशल एसई ओडीएल रेगुलेशन 2021 के तहत शुरू की गई है। इस बार बीएड के साथ ही विशिष्ट शिक्षा में भी प्रवेश लिए जाएंगे। बीएड विशिष्ट शिक्षा के वर्तमान सत्र 2023-24 में कुल 550 सीटें हैं। इसमें 50 सीटें अल्प आय वर्ग के लिए समाहित हैं । बीएड विशिष्ट शिक्षा कार्यक्रम वर्तमान में 10 अध्ययन केंद्रों में भारतीय पुनर्वास परिषद द्वारा प्रदत्त एनओसी के आधार पर संचालित होता है। बीएड विशिष्ट शिक्षा कार्यक्रम में प्रवेश के लिए विज्ञान, सामाजिक विज्ञान, मानविकी, कृषि, वाणिज्य के स्नातक अथवा परास्नातक अथवा समकक्ष उपाधि में कम से कम 50 प्रतिशत अंक पाने वाले अभ्यर्थी पात्र होंगे। प्रदेश के 10 अध्ययन केंद्रों दीनदयाल उपाध्याय विश्वविद्यालय गोरखपुर, टीडी कॉलेज जौनपुर, डीजे कॉलेज बागपत, ऊपरदहा डिग्री कॉलेज प्रयागराज,श्री महावीर प्रसाद महाविद्यालय लखनऊ, देव इंद्रावती महाविद्यालय अंबेडकर नगर, कृष्ण सुदामा संस्थान वाराणसी, प्रोफेसर एस एन मिश्रा कॉलेज आफ एजुकेशन कानपुर, फैजी आलम मॉडर्न डिग्री कॉलेज मथुरा तथा चौधरी तुलसीराम यादव महाविद्यालय प्रयागराज में प्रवेश परीक्षा में सफल अभ्यर्थियों को काउंसिलिंग के माध्यम से प्रवेश दिया जाएगा।