आजमगढ़। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के 10 स्टेशनों को शुक्रवार को आईएसओ सर्टिफिकेट प्रदान किया गया है। जिसमें आदर्श रेलवे स्टेशन आजमगढ़ का भी नाम शामिल है। यह प्रमाणपत्र स्टेशन पर प्रदूषण को रोकने और पर्यावरण सुधार के लिए दिए गए हैं। ये सभी स्टेशन एनजीटी के मानकों पर खरे पाए गए हैं। पूर्वोत्तर रेलवे वाराणसी मंडल के जनसंपर्क अधिकारी अशोक कुमार ने बताया कि पूर्वोत्तर रेलवे के वाराणसी मंडल के लिए यह गौरव का विषय है। उन्होंने बताया कि मंडल के वाराणसी सिटी,गाजीपुर सिटी, बलिया, बेल्थरा रोड, मऊ,आजमगढ़,देवरिया सदर, भटनी, सीवान एवं छपरा रेलवे स्टेशनों को आईएसओ प्रमाणपत्र मिला है। अब इन स्टेशनों को ईको स्मार्ट स्टेशन बनाने में मदद मिलेगी। बताया कि स्टेशन परिसर में प्रतीक्षालय, विश्राम कक्ष, जलपान क्षेत्र में स्वच्छ वातावरण प्रदान करने और यात्री बोर्डिंग ट्रेनों के लिए पीने योग्य स्वच्छ पेयजल और स्वच्छता प्रदान करने, ठोस कचरे के समुचित निस्तारण करने और उर्जा संरक्षण के लिए एलईडी लाइटों का प्रयोग करने के लिए आईएसओ सर्टिफिकेट प्राप्त हुआ है।