सिधारी थाना क्षेत्र के एक व्यक्ति ने जमीन का बैनामा लेने के लिए दो व्यक्तियों को कुल छह लाख रुपये दिया था। पांच माह का लंबा समय बीत जाने के बाद भी उक्त लोगों ने न तो जमीन का बैनामा किया न ही पैसा ही वापस कर रहे हैं। पैसा वापस मांगने पर उसे जान से मारने की धमकी दी जा रही है। पीड़ित ने एसपी को प्रार्थना पत्र दिया। एसपी के निर्देश पर शनिवार को कंधरापुर थाने में दो के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत किया गया।
एकरामपुर गांव निवासी मंदीप गोंड ने अपनी तहरीर में बताया कि महराजगंज थाना के बदहरडी काजीपुर गांव निवासी विनोद यादव ने कंधरापुर के मातनपुर स्थित एक जमीन की बिक्री छह लाख रुपये में तैयार किया। बैनामा के पूर्व ही अक्तूबर 2023 में विनोद ने 3.15 लाख रुपये अपने खाते में लिया। शेष 2.85 लाख रुपये उसने अपने सहयोगी हरिश्चंद्र यादव निवासी देवारा जदीद थाना महराजगंज को दिलवाया। इसमें 1.43 लाख हरिश्चंद्र के खाते में व 1.42 लाख रुपये नकद दिया। पैसा दिए छह माह होने को है लेकिन अब तक जमीन का बैनामा नहीं किया गया। वहीं पैसा वापस मांगने पर जान से मारने की धमकी दे रहा है। पीड़ित ने इस बाबत 12 जनवरी को एसपी कार्यालय पर प्रार्थना पत्र दिया। एसपी के निर्देश पर शनिवार को कंधरापुर थाने में विनोद यादव व हरिश्चंद्र के खिलाफ मुकदमा पंजीकृत कर लिया गया।