आजमगढ़। महराजगंज थाना क्षेत्र में घर में घुसकर मारपीट करने और गंभीर चोट पहुंचाने के मामले में पुलिस ने कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी इंद्रेश यादव को घटना के 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। पुलिस अन्य आरोपियों की तलाश में जुटी है। महराजगंज थाना प्रभारी जयप्रकाश ने बताया कि देवारा जदीद (सतई का पुरा) निवासी चंद्रप्रसाद यादव ने 12 जुलाई को तहरीर देकर आरोप लगाया था कि चंद्रभान यादव, चंद्रशेखर, इंद्रेश यादव, वंदना और गिरजा देवी ने उनके घर में घुसकर पुत्र प्रेमचंद्र यादव, पुत्री अंशिका और पत्नी सुशीला देवी के साथ मारपीट की। आरोप है कि जान से मारने की नीयत से किए गए हमले में पत्नी और पुत्री बेहोश हो गईं। जबकि पुत्र और पत्नी के हाथ में फ्रैक्चर हो गया। तहरीर के आधार पर महराजगंज थाने में पांच नामजद आरोपियों के खिलाफ विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज करके विवेचना शुरू की गई। सोमवार को थानाध्यक्ष जयप्रकाश के नेतृत्व में एसआई पवन कुमार सिंह, आरक्षी मातेश्वरी प्रसाद वांछित आरोपियों की तलाश में क्षेत्र में चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर देवारा जदीद स्थित इंडेन गैस एजेंसी के पास से वांछित इंद्रेश यादव (22) को गिरफ्तार कर लिया गया।