आजमगढ़। शहर कोतवाली व साइबर सेल की संयुक्त टीम ने ओएलएक्स एप के माध्यम से साइबर ठगी करने के आरोपी अमन यादव को गिरफ्तार कर लिया।
एएसपी यातायात विवेक त्रिपाठी ने बताया कि शहर कोतवाली क्षेत्र के कोलघाट निवासी अमन निषाद को ओएलएक्स एप पर मोबाइल फोन का विज्ञापन दिखा। संपर्क करने पर आरोपी ने उसे क्यूआर कोड भेजकर फोन-पे के माध्यम से 3,900 रुपये भुगतान करा लिया। इसके बाद विज्ञापन हटाकर पीड़ित को ब्लॉक कर दिया। इसकी शिकायत 1930 हेल्पलाइन, कोतवाली एवं साइबर पोर्टल पर दर्ज की गई। त्वरित कार्रवाई करते हुए पुलिस ने संदिग्ध खाते को होल्ड करा दिया और आरोपी तक पहुंची। 23 नवंबर को कोतवाली में आईटी एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया गया। जांच में सामने आया कि आरोपी ने कई अन्य लोगों से भी इसी तरीके से ठगी की थी। पुलिस ने जहानागंज थाना क्षेत्र के हठौता गांव निवासी आरोपी अमन यादव को बाजबहादुर बंधा क्षेत्र से गिरफ्तार किया गया। उसके कब्जे से एक मोबाइल, 4 डेबिट कार्ड, पैन कार्ड बरामद किए गए। पुलिस ने 3,900 रुपये होल्ड करा लिए।