चेकपोस्ट लखनऊ मार्ग पर छोटे-बड़े वाहन सड़क के किनारे आड़े-तिरछे खड़े वाहन दुर्घटना का कारण बनते हैं। बेतरतीब खड़े वाहनों के चलते सामने से आने वाले वाहन दिखाई नहीं पड़ते हैं, जिसके कारण हादसे की आशंका बनी रहती है। रानी की सराय में चेकपोस्ट लखनऊ मार्ग पर दिलौरी गांव की पुलिया के निकट स्थित रेलवे धर्मकांटा के आस-पास सड़क के किनारे बेतरतीब ढंग से खड़े ट्रक सहित अन्य वाहन आए दिन हादसे का कारण बन जाते हैं। कहने को तो संबंधित थाने की पुलिस रात व दिन में प्रत्येक चौराहों व हाइवे पर गश्त पर रहती है, लेकिन वे भी आड़े-तिरछे खड़े वाहनों को लेकर लापरवाह रहते हैं। अभी कुछ दिन पहले ही रेलवे धर्मकांटा के पास सड़क पर खड़े ट्रक के कारण सामने से आ रहे बाइक सवार को आटो चालक नहीं देख सका, अचानक से बाइक के सामने आ जाने पर आटो चालक ने ब्रेक मारा और आटो पलट गया। जिससे उसमें सवार लोग घायल हो गए। इसी प्रकार अब तक कई छोटी-बड़ी दुर्घटनाएं हो चुकी हैं। क्षेत्र के धर्मेंद्र तिवारी, संदीप तिवारी, रिंकू तिवारी, जुगल तिवारी, गोलू तिवारी, भोलू तिवारी, रमाकांत यादव, गुड्डू, धर्मे्रद्र प्रजापति, मनोज यादव आदि ने बताया कि धर्मकांटा पर ट्रक तौल को आते हैं। चालक ट्रकों को पटरियों पर खड़ा न कर सड़क पर ही लगा देते हैं, ऐसे में दूसरी तरफ से आने वाले वाहन दिखाई देते। जिससे दुर्घटनाएं होती रहती हैं। क्षेत्र के लोगों ने स्थानीय पुलिस से मामले को संज्ञान में लेते हुए उचित कार्रवाई की मांग की है।