आजमगढ़। काउंसिल फॉर द इंडियन स्कूल सर्टिफिकेट एग्जामिनेशन (सीआईएससीई) ने सोमवार को 10वीं और 12वीं का परीक्षा परिणाम घोषित कर दिया। 10वीं में ज्योति निकेतन स्कूल के आरव सिंह ने 97.83 फीसदी और 12वीं में चिल्ड्रेन कॉलेज के शिवांश पाठक 96 फीसदी अंकों के साथ जिले में टॉप किया। अच्छा प्रदर्शन करने वाले छात्र-छात्राओं को स्कूलों में सम्मानित किया गया। परीक्षा परिणाम के अनुसार 10वीं में चिल्ड्रेन कॉलेज के आदर्श राय ने 97.40 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में दूसरा स्थान बनाया। इसी विद्यालय के अथर्व यादव, इशिका गुप्ता और अनूसा सागर खान ने 97 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया। वहीं, 12वीं में ज्योति निकेतन स्कूल की शालिनी यादव ने 95.8 प्रतिशत अंकों के साथ जिले में दूसरा और चिल्ड्रेन काॅलेज की सौम्या राय ने 94.25 प्रतिशत अंकों के साथ तीसरा स्थान प्राप्त किया।