आजमगढ़। सिधारी थाना क्षेत्र के बेलनाडीह मोड़ पर एक दबंग युवक ने सब्जी व किराना विक्रेता की दुकान को निशाना बनाकर फायरिंग कर दी। गनीमत रही कि दुकानदार बाल-बाल बच गया। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल व्याप्त हो गया। पीड़ित की तहरीर पर पुलिस प्राथमिकी दर्ज की है। जानकारी मुताबिक बेलनाडीह निवासी सोनू मद्धेशिया की बेलनाडीह मोड़ पर सब्जी व किराना की दुकान है। आरोप है कि गांव के ही राणा सिंह ने दुकान को लक्ष्य कर फायर झोंक दिया। वारदात के बाद आरोपी मौके से भाग गया। सूचना मिलते ही सिधारी पुलिस मौके पर पहुंची और जांच-पड़ताल शुरू कर दी। सिधारी थाना प्रभारी आरके सिंह ने बताया कि पीड़ित की तहरीर पर प्राथमिकी दर्ज की जा रही है। जांच कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी।