मेंहनगर। थाना क्षेत्र के दौलतपुर (कुसहा) निवासी सगीना यादव (57) की शनिवार सुबह सर्पदंश से मौत हो गई। वह सुबह करीब 7.30 बजे खेत में पशुओं के लिए हरा चारा काटने गए थे। खेत की मेड़ पर घास काटते समय उनके दाहिने पैर में जहरीले सांप ने डंस लिया। परिजनों और ग्रामीणों की मदद से उन्हें पहले मेंहनगर कस्बे के एक होम्योपैथ चिकित्सक के पास ले जाया गया। इलाज के दौरान हालत बिगड़ने पर उन्हें 11 बजे खरिहानी बाजार स्थित आशीर्वाद क्लिनिक लाया गया, जहां सर्पदंश विशेषज्ञ ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक की पत्नी मंती देवी को भी एक सप्ताह पूर्व सर्प ने काट लिया था, लेकिन होम्योपैथ इलाज से वे बच गई थीं। मेंहनगर थाना प्रभारी संजय सिंह ने शव को कब्जे में लेकर आवश्यक कार्रवाई करते हुए पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।