अहरौला। क्षेत्र के माहुल मंडल और अहरौला मंडल में भाजपा किसान मोर्चा के जिलाध्यक्ष ठाकुर प्रसाद सिंह, जिला मंत्री नरेंद्र सिंह, गोरखपुर के क्षेत्रीय मंत्री घनश्याम सिंह गुड्डू के नेतृत्व में माहुल मंडल के खुरासों, फुलवरिया और अहरौला मंडल के कमालपुर में किसान कुंभ का आयोजन किया गया। जिसमें भाजपा नेताओं द्वारा किसानों की समस्या सुनी गई और सुझाव मांगे गए। साथ ही सरकार की उपलब्धियों पर चर्चा की गई। नेताओं ने किसानों को बताया कि जिन किसानों के बैंक में खाते नहीं हैं उसे खुलवाकर प्रधानमंत्री द्वारा घोषित प्रोत्साहन राशि प्राप्त करें। दो हेक्टेयर तक के किसानों को 6000 की धनराशि जो किसानों के सीधे बैंक खाते में भेजी जाएगी इसके लिए बैंक में खाता होना अनिवार्य है। किसानों द्वारा खाद की कालाबाजारी के बारे में भी नेताओं को अवगत कराया गया। किसानों ने बताया कि खाद का दाम घटने पर भी प्राइवेट दुकानों पर पूर्व के ही दाम लिए जा रहे हैं इससे किसानों को समस्या का सामना करना पड़ रहा है। किसानों द्वारा प्रधानमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं की प्रशंसा की गई। इस मौके पर किसान मोर्चा के अहरौला मंडल के अध्यक्ष राणा प्रताप सिह, गौरी शंकर सिंह, शैलेंद्र सिंह, प्रमोद सिंह, अशोक राम, तीरथ प्रजापति, केदार सिंह आदि उपस्थित थे।