आजमगढ़। स्वच्छ भारत मिशन के तहत बनाई गई लेट्स डू पॉजिटिव टीम के ड्राइवर को प्रधानों से वसूली के आरोप में निलंबित कर दिया गया है। इस मामले की जांच के लिए एडीओ पंचायत महराजगंज को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जिला पंचायत राज अधिकारी आनंद प्रकाश श्रीवास्तव ने बताया कि स्वच्छ भारत मिशन ग्रामीण योजना के प्रचार-प्रसार के लिए कई वाहन चलाए जा रहे हैं। जिसमें जिलाधिकारी द्वारा गठित टीम लेट्स डू पॉजिटिव के एक वाहन को सफाई कर्मी जितेंद्र यादव द्वारा संचालित किया जा रहा है। यह टीम गांवों में जाकर लोगों को शौचालय बनवाने, उसका उपयोग करने और गांवों में साफ-सफाई रखने के बारे में जागरूक करती है।13 अक्टूबर को टीम कोयलसा विकास खंड की ग्राम पंचायत मुखलिसपुर में पहुंची। जहां उनके वाहन चालक सफाई कर्मी जितेंद्र यादव द्वारा प्रधान से पैसे की मांग की गई और लिया भी गया। जिसकी पुष्टि सहायक अध्यापक यशवंत सिंह और प्रमोद कुमार दुबे द्वारा की गई। इसे कर्मचारी आचरण नियमावली के विरुद्घ मानते हुए सफाई कर्मी जितेंद्र यादव को तात्कालिक प्रभाव से निलंबित करते हुए बिलरियागंज विकास खंड मुख्यालय से संबद्घ किया जाता है। उक्त प्रकरण की जांच के लिए एडीओ पंचायत महाराजगंज को जांच अधिकारी नियुक्त किया जाता है जो तीन सप्ताह के अंदर जांच कर आख्या उपलब्ध कराएंगे।