आजमगढ़। आदर्श इंटर कालेज हडिय़ा के सहायक अध्यापक ऋषि कुमार वर्मा पर हुए हमले पर शिक्षकों में रोष है। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ ने बैठक कर घटना की निंदा की और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग उठाई। इसके साथ ही यह चेतावनी भी दी गई कि यदि शिक्षक पर हमला करने वालों पर कार्रवाई नहीं होती तो संगठन बोर्ड परीक्षा के बहिष्कार का निर्णय लेगा। रामजनम गुट के जिलाध्यक्ष दिनेश प्रताप सिंह ने कहा कि एसकेपी इंटर कालेज और मदन मोहन मालवीय इंटर कालेज कंधरापुर पर बोर्ड परीक्षा के दौरान एडीएम प्रशासन ने शिक्षकों के साथ काफी दुर्व्यवहार किया। जिला मंत्री पंकज कुमार सिंह बोर्ड परीक्षा समाप्ति की ओर अग्रसर है और मूल्यांकन का कार्य शुरू होने वाला है। इसके बाद भी पिछले बोर्ड परीक्षा मूल्यांकन परिश्रमिक का अबतक भुगतान नहीं हुआ है। शिक्षक समस्याओं को लेकर संगठन 14 मार्च से डीआईओएस कार्यालय पर अनिश्चित कालीन धरना शुरू करेगा। बैठक में सतीश चंद्र श्रीवास्तव, वीरेंद्र सिंह, अतुल कुमार, इंद्रजीत राम, श्रवण कुमार, शेर बहादुर सिंह, जीतबहादुर, एमसी ब्राडवे, रामधनी, नरेंद्र सिंह, राहुल, दिवाकर, कोमल, रामप्यारे आदि मौजूद रहे।