बिना मास्क पाए गए 90 दुकानदार, नोटिस जारी
मेंहनगर। कोरोना संक्रमण की रफ्तार काफी तेज है। इसपर अंकुश लगाने के लिए जिला प्रशासन पूरी कवायद कर रहा है। इसी के तहत गुरुवार को मास्क न पहनने वालों के खिलाफ चेकिंग अभियान चलाया। इस दौरान नगर पंचायत सहित ग्रामीण इलाकों में करीब 90 दुकानदार बिना मास्क व सैनिटाइजर के पाए गए। जांच के बाद उनके खिलाफ कार्रवाई के लिए एसडीएम मेंहनगर ने नोटिस जारी की है।कोरोना संक्रमण को लेकर आम जनता तनिक भी संजीदा नहीं है। बिना मास्क लगाए ही सड़कों पर लोगों को देखा जा रहा है। इनपर रोक लगाने के लिए जिलाधिकारी अमृत त्रिपाठी के निर्देश पर उपजिलाधिकारी मेंहनगर प्रेमचंद मौर्य ने नगर पंचायत सहित तमाम ग्रामीण इलाकों में मास्क को लेकर अभियान चलाया। अभियान के क्रम में जांच हुई तो कुल करीब 90 दुकानदार ऐसे पाए गए जो न तो मास्क लगाए हुए थे और न ही दुकानों पर सैनिटाइजर का प्रयोग कर रहे थे। ऐसे में कोरोना संक्रमण बढ़ने का खतरा बना हुआ है। उक्त 90 दुकानदारों के खिलाफ उपजिलाधिकारी ने आपदा अधिनियम -2005 के अंतर्गत दुकानदारों को नोटिस जारी कर स्पस्टीकरण मांगा है। उक्त के क्रम में उपजिलाधिकारी प्रेमचंद मौर्य ने कहा कि नोटिस जारी कर दी गई है। निर्धारित समय में स्पस्टीकरण प्रस्तुत नहीं किया तो विभिन्न धाराओं में प्राथमिकी दर्ज कराई जाएगी। वहीं नगर पंचायत के अधिशासी अधिकारी प्रह्लाद कुमार पांडेय ने बताया कि नगर पंचायत कार्यालय में किसी आगन्तुक या नगरवासी को किसी कार्यवश अंदर प्रवेश करना है तो नगर पंचायत के मुख्य द्वार पर थर्मल सकैनिग व सेनेटाइजर के अंदर आने की अनुमति नहीं है।