आजमगढ़। बिलरियागंज ब्लॉक परिसर में शनिवार को मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत 88 जोड़े शादी के बंधन में बंधे। इस दौरान मुख्य अतिथि आजमगढ़ के भाजपा जिलाध्यक्ष श्री कृष्ण पाल मौजूद रहे। वहीं समाज कल्याण अधिकारी मोतीलाल, बिलरियागंज ब्लॉक के पूर्व प्रमुख रमेश यादव समेत अन्य कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। सभी अतिथियों ने नव दंपती को आशीर्वाद दिया। भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी। कार्यक्रम को लेकर समाज कल्याण अधिकारी मोतीलाल ने बताया कि जनपद के विभिन्न ब्लॉक व नगर पंचायत से यहां पर जोड़े शादी के लिए बुलाए गए हैं। 125 जोड़ों की तरफ से विवाह के लिए आवेदन किया गया था। जिसमें से सत्यापन के बाद 88 जोड़े पात्र मिले। इसके बाद उनका यहां विवाह हो रहा है। इस वित्तीय वर्ष में 383 जोड़ों का विवाह हो चुका है। आज 88 लोगों का विवाह हुआ है। आगे भी कार्यक्रम चलता रहेगा। इसमें पूरी तरीके से सत्यापन के बाद ही जोड़ों के विवाह का आयोजन होता है। विवाह के बाद वधू के खाते में 35000 रुपए भेजे जाते हैं। इसके अलावा 10,000 रुपए का उपहार दिया जाता है। 6000 रुपये का प्रत्येक जोड़े के हिसाब से जलपान व अन्य व्यवस्था का खर्च होता है। इस प्रकार शासन की तरफ से प्रति जोड़े 51000 रुपये का अनुदान मिलता है।