आजमगढ़। राज्य आवासीय विश्वविद्यालय की मांग को लेकर सोमवार को 32वें दिन अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन जारी रहा। अनशन को संबोधित करते हुए श्री दुर्गाजी पीजी कालेज के छात्रसंघ अध्यक्ष संदीप कुमार ने कहा कि जनपद में विश्वविद्यालय की मांग जायज है। इसके प्रति प्रदेश सरकार की उदासीनता दुर्भाग्यपूर्ण है। कृषि संकायाध्यक्ष संजय गुप्ता, शिक्षक नेता डॉ. प्रवेश कुमार सिंह, अधिवक्ता नीरज वर्मा और वीरेंद्र यादव ने कहा कि विवि के लिए चल रहे अभियान की अनदेखी नहीं की जा सकती। पसमांदा समाज के नेता नजीर अहमद मंसूरी, सूरज प्रजापति, राहुल जायसवाल, अनूप पाण्डेय, बदरुद्दीन, उदयभान यादव, कन्हैया लाल, मो. मोबिन बालाजी भूषण, बृजेश यादव, दयाराम यादव, शिवकुमार सैनी अनशन में शामिल रहे। उधर फूलपुर में मिजवां फाउंडेशन के संस्थापक आर हुसैन की अध्यक्षता में सोमवार को हुई बैठक में फाउंडेशन ने भी आवासीय विश्वविद्यालय की स्थापना की मांग का समर्थन किया। महामंत्री सखावत हुसैन ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की लापरवाही के चलते यहां की योजना पड़ोसी जिला जौनपुर चली गई। यह मांग पूर्व मुख्यमंत्री एवं मध्यप्रदेश प्रदेश के राज्यपाल स्व. रामनरेश यादव ने उठाई थी। सरकार ने इसे नजरअंदाज कर दिया। बैठक में सैयद शमीम काजिम ,विरेंद्र यादव, फिरतु, शुजात, शहजात, राजिक, सादिक, नैयर रजा थे।