आजमगढ़। जिस भरोसे और विश्वास के साथ सरकार ने पहली बार 220 महिला रिक्रूटों को जिले में ट्रेनिंग के लिए भेजा था। वह कड़ी मशक्कत और मेहनत के साथ पूरी हो गई। 24 जनवरी को पुलिस लाइन परिसर में दीक्षांत समारोह आयोजित कर इन्हें प्रमाण पत्र दिया जाएगा। मंगलवार को पुलिस लाइन परिसर में एसपी बबलू कुमार ने सभी रिक्रूटों को ड्यूटी के दौरान कई जानकारियां दी। पुलिस लाइन परिसर में मंगलवार को पुलिस अधीक्षक बबलू कुमार ने महिला रिक्रूटों को बताया कि आप लोग जीवन में सदा ही बेहतर कार्य करें। अच्छी और साफ-सुथरी वर्दी पहनेें, अच्छे जूता पहनकर स्मार्ट बने रहे। आप के इस प्रकार के कार्य का परिणाम होगा कि आप हमेशा बेहतर और अच्छे कामों पर ध्यान देंगी। ड्यूटी के दौरान हमेशा ध्यान रहे कि आपका झुकाव सत्य और पीड़ित की मदद के लिए हो। ड्यूटी के दौरान तमाम तरह के उतार चढ़ाव भी देखने को मिलेगा। पर आप लोग हमेशा सत्य की राह पर चलें। बता दें कि जिले में पहली बार सरकार की तरफ से 220 महिला रिक्रूटों को ट्रेनिंग के लिए भेजा गया। जिसमें सोनभद्र, सुल्तानपुर, फैजाबाद आदि जिलों की पुलिस में भर्ती हुई महिलाएं शामिल थी। करीब छह माह की कड़ी मेहनत के बाद इनकी ट्रेनिंग अब पूरी हो गई। 24 जनवरी को पुलिस लाइन परिसर में डीआईजी विजय भूषण की अध्यक्षता में दीक्षांत समारोह आयोजित कर इन्हें प्रमाण पत्र दिया जाएगा। इसके बाद सभी महिला सिपाही देश और प्रदेश की सेवा के लिए समर्पित हो जाएंगी। इस अवसर पर एसपी सिटी कमलेश बहादुर, एसपी ग्रामीण नरेंद्र प्रताप सिंह के अलावा विभाग के तमाम अधिकारी और कर्मचारी उपस्थित थे।