कटानी बाजार। महारायगंज के प्रतापपुर गांव में मंगलवार को पूर्व प्रधानमंत्री स्व. वीपी सिंह की पुण्यतिथि मनाई गई। उपस्थित लोगों ने पूर्व प्रधानमंत्री को श्रद्धांजलि दी। वक्ताओं ने उन्हें पिछड़ों और दलितों का मसीहा बताया। मुख्य अतिथि पूर्व सांसद रमाकांत यादव ने कहा कि पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह पिछड़े और दलितों के लिए सहारा थे। उन्होंने आजाद भारत में सामाजिक न्याय को कायम करने में असल शिल्पकार की भूमिका अदा की। आज पिछड़े और दलितों को बांटा जा रहा है। इसलिए संगठित होने का समय है। कार्यक्रम के संयोजक श्रीराम यादव ने कहा कि विडंबना है कि अल्पसंख्यक देश में बहुसंख्यक पर राज करते हैं। पूर्व विधानसभा अध्यक्ष सुखदेव राजभर ने कहा कि ये बंटने का नहीं, जुटने का समय है। हम जातिवादी नहीं है, जातिवाद के शिकार हैं। पूर्व मंत्री दलसिंगार यादव ने पूर्व प्रधानमंत्री वीपी सिंह को गरीबों का मसीहा बताया। इस मौके पर डा. नरेन्द्र यादव, दिनेश यादव आदि ने संबोधित किया। कार्यक्रम में मुख्य रूप से संयोजक श्रीराम यादव, राहुलकांत यादव, रोहताश कुंवर, प्रो. राकेश गोतम, श्रीराम मौर्य, लक्ष्मी जायसवाल, जफर कासिम आदि लोग उपस्थित रहे। संचालन मोतीराम यादव ने किया। विशिष्ट अतिथि चन्द्रभूषण सिंह रहे।