आजमगढ़। रानी की सराय ब्लाक के मझगांवा में लगभग पांच एकड़ जमीन डंपिंग ग्राउंड के लिए ली गई है। जिला प्रशासन ने इस जमीन पर सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट लगाने के लिए डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी सीएंडडीएस को सौंपी है। विभाग को पत्र लिखकर एक सप्ताह के भीतर डीपीआर तलब की गई है, ताकि उसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जा सके। मझगांवा में डंपिंग ग्राउंड के लिए जमीन तो पालिका को दे दी गई है, लेकिन बारिश के दौरान रास्ता खराब होने की बात कह पालिका कर्मचारियों की ओर से वहां कूड़ा ले जाने से कन्नी काटी जा रही है। इसे लेकर जिलाधिकारी ने काफी सख्त रवैया अपनाया है। पालिका अधिकारियों और कर्मचारियों को एफआईआर की भी चेतावनी दी है। इसके साथ ही पालिका को सालिड वेस्ट मैनेजमेंट प्लांट का प्रस्ताव तैयार कर सौंपने का निर्देश दिया है। फिलहाल कूड़ा निस्तारण प्लांट की डीपीआर तैयार करने की जिम्मेदारी सीएंडीएस को सौंपी गई है। जिलाधिकारी ने एक सप्ताह के भीतर प्रोजेक्ट की डीपीआर तलब की है, ताकि उसे मंजूरी के लिए शासन को भेजा जा सके।