आजमगढ़। नगर के निर्माणाधीन हरिऔध कला केंद्र के निर्माण में हो रही देरी और शिल्पगत अनियमितता को लेकर रंगकर्मियों का एक प्रतिनिधिमंडल गुरुवार को जिलाधिकारी से मिला। उन्होंने जिलाधिकारी को सात सूत्रीय मांगों का ज्ञापन सौंपते हुए इसकी जांच कराकर उचित कार्रवाई की मांग की। रंगकर्मी अभिषेक पंडित ने जिलाधिकारी को बताया कि हरिऔध कला केंद्र का निर्माण बजट के अभाव में रुका हुआ है। कला केंद्र के प्रेक्षागृह में बनाए जा रहे मंच की आकृति बहुत ही कम और नाट्य कला के मानक के अनुरूप नहीं है। उन्होंने स्थानीय अनुभवी रंगकर्मियों की एक कमेटी बनाने की मांग की। इस कमेटी को हरिऔध कला केंद्र के निर्माण की देखरेख में शामिल किया जाए। जिससे बड़े बजट से बनाए जा रहे इस भवन को स्थानीय कला संस्कृति के संवर्धन के लिए उपयोग किया जा सके। इसकी दशा पूर्व में निर्मित राहुल सांकृत्यायन प्रेक्षागृह जैसी न होने पाए। रंगकर्मियों ने जिलाधिकारी से हरिऔध कला केंद्र का निरीक्षण कर उचित कार्रवाई करने की मांग की। इस मौके पर सुनील दत्त विश्वकर्मा, रामजन्म चतुर्वेदी, हरिकेश मौर्या, हरिकेश मौर्या, अंगद, एसके गोंड, राजकुमार, कमलेश आदि उपस्थित थे।