लाटघाट। फायर स्टेशन की मांग को लेकर देवारा क्षेत्र के ग्रामीणों ने गुरुवार को महुला-गढ़वल बांध पर स्थित खरैलिया ढ़ाले पर चक्काजाम कर दिया। लगभग एक घंटे बाद ग्रामीणों के समझाने पर ग्रामीणों ने चक्काजाम को समाप्त किया। गर्मी के मौसम में देवारा क्षेत्रवासी आग की विभिषिका से जूझते रहते हैं। जिसे देखते हुुए ग्रामीणों द्वारा काफी दिनों से क्षेत्र में फायर स्टेशन के स्थापना की मांग की जा रही है। लेकिन उनकी मांगों पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। जिससे नाराज रौनापार थाना क्षेत्र के अजगरा, रामचरण दुबे, इस्माइलपुर, बगहवा, जयपुर, माधव का पूरा, हैदराबाद, रोशनगंज, गोरिया, अजगरा, मगर्वी, ईस्माइलपुर आदि गांव के लोगों ने गुरुवार को खरैलिया ढ़ाले पर चक्काजाम कर दिया। उनका कहना था कि हम लोग काफी दिनों फायर स्टेेशन के स्थापना की मांग करते आ रहे हैं। अस्थाई व्यवस्था के रूप में रौनापार थाने में एक अप्रैल से ही फायर सर्विस की गाड़ी सुरक्षित रहती है। लेकिन इस बार 12 दिन बीत जाने के बाद भी अभी तक फायर सर्विस की गाड़ी रौनापार थाने नहीं पहुंची है। ग्रामीणों का मानना है कि इस समय गांव में आग लगने की काफी संभावनाएं रहती हैं। कई जगह आग लग चुकी है। आग लगने पर आजमगढ़ से गाड़ी आने में काफी समय लगता है। समयाभाव के कारण घर गृहस्थी, पुरवा, गांव जलकर खाक हो जाता है। दोपहर 12 बजे लगाया जाम एक घंटे बाद उस समय समाप्त हुआ जब मौके पर ग्राम प्रधान राजमन यादव पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाकर चक्का जाम समाप्त कराया। उन्होंने कहा कि यह क्षेत्र काफी सेंस्टिव है। यहां तीन महीना बाढ़ का पानी तो तीन महीने आग की विभीषिका का दंश झेलना पड़ता है। अगर जल्द फायर ब्रिगेड की व्यवस्था नहीं की गई तो धरना प्रदर्शन और चक्काजाम किया जाएगा। इस मौके पर बुल्लु यादव, राकेश यादव, चंद्रिका लाल, दिनेश, भवनाथ, हरिमोहन, सुरेश, इंद्रेश, रामलाल, राम कुमार, विश्वनाथ, रविंद्र लाल, मुनीश, अनिल, आशा, तिजिया आदि उपस्थित रहे।