आजमगढ़। जिले की 76 ग्राम पंचायतों को माडल के रूप में विकसित करने की कार्य योजना है। अब तक 14 गांवों को मॉडल बनाने के लिए शासन से धनराशि भी जारी कर दी गई है। गांव में आठ बिंदुओं पर विकास कार्य होंगे। विकसित ग्राम पंचायतों के लोगों को प्रति मकान 30 रुपये मासिक स्वच्छता टैक्स देना होगा।
स्वच्छ भारत मिशन के जिला समन्वयक प्रीति सिंह ने बताया कि कार्ययोजना पर 14 ग्राम पंचायतों में काम भी शुरू होने जा रहे हैं। विकास कार्यों पर स्वच्छता मिशन से 70 फीसदी और केंद्रीय व राज्य वित्त से 30 फीसदी धनराशि खर्च की जाएगी। जरूरत पड़ी तो मनरेगा से भी काम कराए जाएंगे।
राजस्व गांवों के विकसित होने के बाद ग्राम पंचायतों की आय बढ़ाने के लिए लोगों से स्वेच्छा से 30 रुपये मासिक की दर से स्वच्छता कर भी देना पड़ेगा। इससे ग्राम पंचायतों को प्रति माह लाखों रुपये का इनकम होगा। इस धनराशि से ग्राम पंचायतों के स्वच्छता प्रबंधन सहित अन्य विकास के कार्य किए जाएंगे।