जीयनपुर कोतवाली क्षेत्र के राजूपट्टी गांव निवासिनी एक विवाहिता का शव रविवार को उसके घर में ही दुपट्टे के सहारे लटकता मिला। जानकारी होने पर मायके वाले पहुंचे और दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए सूचना पुलिस को दी। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। मऊ जिले के कोपागंज निवासी सोहन लाल गुप्ता ने अपनी पुत्री अंशु गुप्ता (23) की शादी राजूपट्टी गांव निवासी संजय गुप्ता से दो दिसंबर 2022 को की थी। संजय रोजीरोटी के लिए गुजरात में रहता है। घर पर अंशु अपनी सास के साथ रहती थी। रविवार की सुबह अंशु की मोबाइल पर पति से किसी बात को लेकर कहासुनी हुई। इसके बाद वह घर में लगे करकट की बल्ली से दुपट्टे के सहारे फंदे पर लटक गई। मायके वालों को सूचना मिली तो मां उर्मिला मौके पर पहुंची और ससुराल वालों पर दहेज हत्या का आरोप लगाते हुए पुलिस को घटना की सूचना दी। कोतवाल यादवेंद्र पांडेय ने बताया कि मायके वालो की तहरीर मिली है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।