आजमगढ़। लोकसभा चुनाव 2019 को सकुशल संपन्न कराने के लिए जिला प्रशासन द्वारा महिला कर्मचारियों की भी तैनाती की जाएगी। जिले में कुल नौ हजार महिला कर्मचारी हैं जिनकी तैनाती की जाएगी। इसके लिए जिला निर्वाचन अधिकारी ने सीडीओ को सभी महिला कर्मचारियों के डाटा फीडिंग कराने का निर्देश दिया है। निर्वाचन आयोग की ओर से हर विधानसभा क्षेत्र में एक-एक महिला बूथ बनाने का निर्देश दिया गया है। इन बूथों पर सुरक्षा से लेकर मतदान कर्मी तक सभी महिलाएं रहेंगी। निर्वाचन आयोग के इस निर्देश से यह स्पष्ट हो गया है कि चुनाव में महिला कर्मियों की भी तैनाती की जाएगी। जनपद में कुल 9000 महिला कर्मी हैं। अभी तक इनकी डाटा फीडिंग का कार्य नहीं किया गया है। महिलाओं के सामने ड्यूटी की समस्या ज्यादा होती है। अगर ज्यादा दूर ड्यूटी लग गई तो समस्या खड़ी हो जाती है। इसके अलावा और भी कई समस्याएं उनके साथ होती हैं। वैसे जिला प्रशासन की ओर से शिक्षिकाओं, एएनएम और महिला लेखपालों की ड्यूटी लगाने पर विचार किया जा रहा है। जिला निर्वाचन अधिकारी शिवाकांत द्विवेदी ने सीडीओ डीएस उपाध्याय को महिला मतदान कर्मियों के डाटा फीडिंग का कार्य पूरा कराने का निर्देश दिया है। ताकि समय रहते उनकी ट्रेनिंग आदि के कार्य को पूरा कराया जा सके।