जहानागंज। ब्लाक मुख्यालय के मिश्रा मार्केट में बरसात का पानी भरा हुआ है। जिसके चलते लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। जल निकासी की व्यवस्था न होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। जहानागंज कस्बा के मिश्रा मार्केट में जल निकासी की कोई व्यवस्था नहीं है, जिसके चलते सामान्य दिनों में भी यहां की सड़क पर गंदा पानी एकत्र रहता है। बुधवार केे हुई बरसात के बाद से तो पूरे मार्केट की सड़क पर पानी भरा हुआ है। जिसके चलते लोगों को आवागमन में काफी परेशानी उठानी पड़ रही है। स्थानीय निवासी रामजनम गुप्ता, शैलेंद्र मौर्य, दयायादव, सुरेंद्र यादव, चंद्रभान भाष्कर, मनीष मद्घेशिया आदि का कहना है कि जल निकासी की व्यवस्था न होने से यह स्थिति उत्पन्न हुई है। लोगों ने मार्केट की सड़क उंची कराये जाने और जल निकासी की व्यवस्था कराये जाने की मांग की है। जिला पंचायत सदस्य चंद्रशेखर यादव ने बताया कि उन्होंने जिला पंचायत से सड़क को ऊंचा किए जाने का प्रस्ताव दे दिया है। जल्द ही कार्य शुरू करा दिया जायेगा और काम पूरा होते ही समस्या से भी निजात मिल जायेगी।