आजमगढ़ (ब्यूरो)। सिधारी स्थित कृषि भवन में गुरुवार को कीट रोग नियंत्रण एवं नूप योजनांतर्गत तकनीकी कर्मचारियों और कृषकों को प्रशिक्षण दिया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे उप कृषि निदेशक डा. आरके मौर्य ने कृषि विभाग की योजनाओं की जानकारी विस्तार से देते हुए बताया कि कृषि यंत्रों पर अनुदान के लिए किसानों को अब विभाग का चक्कर नहीं लगाना पड़ेगा। किसान अब यंत्रों की मांग के लिए कृषि विभाग की वेबसाइट पर आनलाइन करें। चयनित किसानों की मोबाइल पर मैसेज के माध्यम से उन्हें सूचना दी जाएगी और अनुदान डीबीटी के माध्यम से सीधे किसानों के खाते में भेजी जाएगी। जिला कृषि रक्षा अधिकारी संगम सिंह ने आईपीएम विधि से कीट एवं रोगों के नियंत्रण के उपाय बताए। जिला कृषि अधिकारी बसंत कुमार दुबे ने प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के बारे में विस्तार से बताते सरकार की अन्य जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। इस मौके पर वरिष्ठ वैज्ञानिक डा. एससी वर्मा, सहायक विकास अधिकारी कृषि फिरतू राम यादव, इंद्रदेव त्रिपाठी, बालचंद्र, सुरेश सिंह चौहान, अनिल राय, राजेंद्र शर्मा आदि उपस्थित रहे।