आजमगढ़। कृषि विभाग के राजकीय बीज गोदामों पर 700 क्विंटल धान का बीज पहुंच चुका है। बीज खरीदने वाले किसानों को अब मौके पर ही सब्सिडी का लाभ मिलेगा। किसानों को बीज के कुल मूल्य का आधा ही जमा करना पड़ेगा।
खरीफ सीजन में किसान मुख्य रूप से धान की ही रोपाई करते हैं। संडा से रोपाई करने वाले किसान तो इसी धान की नर्सरी डालने के लिए खेत को तैयार करना शुरू कर दिए हैं क्याेंकि नर्सरी को उखाड़ कर संडा रोपते हैं, फिर संडा उखाड़कर धान की रोपाई करते हैं। इसे देखते हुए कृषि विभाग की तरफ से एक हजार क्विंटल धान बीज का डिमांड भेजा गया था।
जनपद में राजकीय बीज गोदामों पर बीपीटी 5204, एमटीयू 7034, पंत 24, सी 8-1, सी 8-4 व एमटीयू 7029 प्रजाति के 700 क्विंटल धान बीज पहुंच गया है। किसान गोदामों पर पहुंचकर धान का बीज खरीद सकते हैं। जिला कृषि अधिकारी डॉ. गगनदीप सिंह ने बताया कि पहले किसानों को बीज के पूरे रुपये जमा करने पड़ते थे। बाद में 50 प्रतिशत सब्सिडी का रुपया उनके खातों में भेजा जाता था। अब यह व्यवस्था खत्म हो चुकी है। गोदामों से बीज खरीदने वाले किसानों को सब्सिडी का लाभ मौके पर ही मिलेगा। यानि किसानों को बीज के कुल मूल्य का 50 फीसदी ही देना पड़ेगा।