आजमगढ़। भाजपा की सरकार में ही भाजपा कार्यकर्ताओं का जिला व पुलिस प्रशासन उत्पीड़न कर रहा है। भाजपाइयों के शिकायतों पर ध्यान न देकर अन्य दलों के लोगों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। यह आरोप भाजपा पिछड़ा मोर्चा के क्षेत्रीय मंत्री गोरखपुर क्षेत्र अशोक कुमार यादव ने शनिवार को पीडब्लूडी डाक बंगले में आयोजित प्रेसवार्ता में लगाए। उन्होंने कहा कि वर्तमान में जिले में तैनात अधिकारियों की कार्यशैली भाजपा कार्यकर्ताओं के मनोस्थिति को तोड़ने का काम कर रही है। उन्होंने कहा कि 2017 में राजनैतिक द्वेष के चलते उन पर विपक्षियों ने जानलेवा हमला किया था। इस मामले में शिकायत के बाद भी पुलिस व जिला प्रशासन ने कोई कार्रवाई नहीं की। मात्र धारा 323 व 504 के तहत कार्रवाई कर के कोरम पूरा कर दिया गया। इसके बाद भी मुझे लगातार धमकियां मिल रही है। वहीं दीदारगंज थाना क्षेत्र के डीह कैथौली गांव निवासी प्रदीप यादव को गोली मार दी गई, जिसका अभी इलाज चल रहा है। इस मामले में भी पुलिस ने अब तक कोई कार्रवाई नहीं किया। प्रशासन लगातार भाजपा कार्यकर्ताओं को मानसिक रूप से प्रताड़ित कर रहा है और प्रशासन के इस रवैया का विरोधी दलों के लोग लाभ उठा रहे है। उन्होंने कहा कि यदि मेरे साथ किसी प्रकार की अप्रिय घटना होती है तो उसका जिम्मेदार डीएम व एसपी होंगे। प्रेसवार्ता के दौरान क्षेत्रीय मंत्री अल्पसंख्यक मोर्चा आफताब मिर्जा, प्रधान दिनेश कुमार यादव आदि मौजूद रहे।