आजमगढ़। जनपद में राज्य आवासीय विवि की मांग को लेकर युवा और प्रबुद्धजनों का क्रमिक अनशन 19वें दिन मंगलवार को भी जारी रहा। कई संगठनों ने अनशन स्थल पर पहुंचकर विश्वविद्यालय की मांग का समर्थन दिया। उलेमा कौंसिल के प्रदेश युवा अध्यक्ष नुरुल हुदा ने कहा कि जनपद के जनप्रतिनिधियों की इच्छाशक्ति के अभाव में अब तक जिले में विश्वविद्यालय नहीं बन पाया। युवाओं को एकजुट होकर विश्वविद्यालय अभियान को मजबूत करना चाहिए। नागरिक एकता पार्टी के जिलाध्यक्ष अरविंद पांडेय ने जनपदवासियों का आह्वान किया कि विश्वविद्यालय के मुद्दे पर एकजुटता दिखाएं। अभिभावक संघ के अध्यक्ष युधिष्ठिर दुबे ने कहा कि विवि के मुद्दे को लेकर जनपद के सभी सामाजिक संगठन एकजुट हो चुके हैं। शिब्ली नेशनल पीजी कालेज के अबु हमजा ने कहा कि विवि जैसे मुद्दे पर युवाओं को एकजुट होकर प्रयास करना चाहिए। कोयलसा पीजी कालेज के पूर्व महामंत्री शिवनारायण यादव ने कहा कि विवि जनपद की सबसे महत्वपूर्ण मांग है। भाजपा नेता बालमुकुंद सिंह ने जनपदवासियों का आह्वान किया कि आने वाली पीढ़ी के लिये विश्वविद्यालय के लिए एकजुट हों। दुर्गेश पांडेय, गोविंद दुबे, अभिनव श्रीवास्तव, धर्मेंद्र सैनी, विवेक पांडेय, शाहबाज, अशरफ, पुरुषोत्तम गुप्ता, शौर्य सिंह कौशिक, दिनेश राय, सुरेंद्र मौर्य, पीयूष सिंह, अमित राय, प्रेम राय, राहुल राय, अनिल सिंह, अमित कुमार सिंह थे।