आजमगढ़। जिले के प्रतिष्ठित श्री अग्रसेन कन्या इंटर कालेज के प्रबंध समिति के चुनाव के मतदान का कार्य शाम पांच बजे संपन्न हो गया। मतगणना की समाप्ति के बाद मतगणना का कार्य देर रात तक जारी रहा। इस चुनाव में चार पदाधिकारी और नौ सदस्यों का चुनाव होना है। प्रबंध समिति के चुनाव के लिए श्री अग्रसेन कन्या इंटर कालेज परिसर में अपराह्न दो बजे से मतदान का कार्य शुरू हुआ जो शाम पांच बजे तक चलता रहा। इस मतदान में कुल 368 मतदाताओं को अपने मताधिकार का प्रयोग करना था लेकिन मतदान की समाप्ति तक कुल 301 मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस चुनाव में अध्यक्ष पद के दो, उपाध्यक्ष पद के दो, सहायक प्रबंधक पद के दो, प्रबंधक पद के दो और नौ सदस्य पद पर 15 प्रत्याशी अपना भाग्य आजमा रहे हैं। मतदान की समाप्ति के बाद मतगणना का कार्य शुरू हो गया। लेकिन समाचार लिखे जाने तक मतगणना का कार्य संपन्न नहीं हो सका था। इस चुनाव को लेकर दोपहर से ही विद्यालय परिसर में काफी गहमा गहमी देखने को मिली। सुरक्षा की दृष्टि से पुलिस बल की भी तैनाती की गई थी।