आजमगढ़। प्रदेश के डिप्टी सीएम/माध्यमिक व उच्च शिक्षामंत्री दिनेश शर्मा का बुधवार को जिले में आगमन हुआ। पुलिस लाइन हेलीपैड पर उतरने के बाद वे कार से सीधे वन मंत्री दारा सिंह चौहान के गेलवारा गांव स्थित आवास पर पहुंचे और उनके पिता राम किशुन चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। डिप्टी सीएम लगभग 40 मिनट देर से पुलिस लाइन हेलीपैड पर पहुंचे। 10:30 पर उन्हें पहुंचना था लेकिन उनका हेलीकाप्टर 11:10 पर यहां पहुंचा। इसके पश्चात वे सीधे कार में सवार होकर गेलवारा गांव पहुंचे। जहां उन्होंने अपने मंत्रीमंडल के सहयोगी वन मंत्री दारा सिंह चौहान के पिता के निधन पर शोक संवेदना व्यक्त किया। वन मंत्री के पिता स्व. राम किशुन चौहान के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी। इसके पश्चात वे वन मंत्री और उनके परिवार के सदस्यों से मुलाकात कर शोक संवेदना व्यक्त करने के साथ ही ढाढ़स बधाया। डिप्टी सीएम गेलवारा में लगभग आधे घंटे रुके। इस दौरान उन्होंने पार्टी नेताओं व कार्यकर्ताओं से भी मुलाकात किया। जिलाध्यक्ष जयनाथ सिंह समेत कई वरिष्ठ नेताओं ने इस दौरान उन्हें अपने-अपने काम से संबंधित पत्रक भी दिया। इस अवसर पर अखिलेश मिश्रा, देवेंद्र सिंह, प्रेम प्रकाश राय, रामाश्रय राय, सतेंद्र राय उर्फ छोटू विनय कुमार गुप्ता, लक्ष्मण मौर्या, अरविंद, अमित तिवारी आदि भाजपा नेता व कार्यकर्ता मौजूद रहे। शोक संवेदना व्यक्त करने के पश्चात डिप्टी सीएम पुन: पुलिस लाइन पहुंचे जहां उन्होंने विभागीय अधिकारियों के साथ मीटिंग ली और फिर लखनऊ के लिए रवाना हो गए।