आजमगढ़। गांव के ही एक युवक को नौकरी दिलाने के नाम पर जालसाजों से छह लाख 40 हजार रुपये ऐंठ लिए और उसे सफाई कर्मी का फर्जी नियुक्ति पत्र थमा दिया। दो महीने नौकरी करने के बाद जब उसे वेतन नहीं मिला तो उसे खुद को ठगे जाने की जानकारी हुई। उसे एसपी को शिकायती पत्र देकर जालसाजों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की। सरायमीर थाना क्षेत्र के टंडवा ग्राम निवासी रविंद्र यादव पुत्र राम सूरत का आरोप है कि लगभग चार वर्ष पूर्व गांव के ही कुछ लोगों ने उसे नौकरी दिलाने का झांसा देकर 640000 रुपए ले लिए। दबाव देने पर उन्होंने उसे बस्ती जिले में सफाईकर्मी पद पर नियुक्ति का फर्जी नियुक्ति पत्र भी थमा दिया। उनकी बातों में आकर वह बस्ती जनपद में दो माह तक नौकरी किया और जब उसे वेतन का भुगतान नहीं हुआ तो वह जिला पंचायत राज अधिकारी कार्यालय से संपर्क किया। इसके बाद उसे जानकारी मिली की इस नाम का जिले में कोई भी सफाई कर्मचारी नियुक्त नहीं है। घर आकर उसने जालसाजों से पैसे की मांग की तो उन्होंने टाल मटोल करना शुरू कर दिया। जब उसने यह बात गांव के लोगों को बताई तो उसे जान से मारने की धमकी दी जाने लगी। तब उसने एसपी को शिकायत पत्र देकर दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की।