आजमगढ़। कुंभ मेले में विश्व हिन्दू परिषद के चलने वाले भंडारे के लिए जनपद से एकत्र खाद्यान्न को शुक्रवार को प्रयागराज के लिए भेजा गया। ये खाद्यान्न प्रखंड के कार्यकर्ताओं की ओर से एकत्र किया जा रहा था। विश्व हिन्दू परिषद के कार्याध्यक्ष रामकृष्ण मिश्र ने बताया कि कुंभ मेले में विश्व हिन्दू परिषद का शिविर सेक्टर 14 झूसी ओल्ड जीटी रोड पर आवंटित किया गया है। शिविर में चार प्रकार का भंडारा साधु-संतों, दक्षिण भारतीय बंधुओं, और कार्यकर्ताओं का चलता है। इसके अलावा अनवरत मेल दर्शनार्थियों के लिए सीता रसोई चलती है। इस भंडारे में प्रतिदिन लगभग 25-30 हजार लोगों का भोजन डेढ़ माह तक बनता है। कुंभ मेले में शिविर की अन्य व्यवस्थाओं के लिए धन संग्रह भी किया जा रहा है। संगठन की योजना के अनुसार जिस क्षेत्र में कुंभ लगता है उसी क्षेत्र से कार्यकर्ताओं द्वारा शिविर की समस्त व्यवस्थाएं की जाती है। इसके क्रम में विश्व हिन्दू परिषद आजमगढ़ से भारी मात्रा में एकत्र गेहूं, चावल, दाल, आटा, चीनी आदि खाद्य वस्तुओं को प्रांत संगठन मंत्री प्रदीप की देखरेख में ट्रक के माध्यम से प्रयागराज भेजा गया। इस मौके पर राकेश दुबे, सतीश राय, संतोष गुप्ता, सूरज निषाद, डा राजेश, गौरव, रघुवंशी, गजेन्द्र सिंह, गौतम सेठ, अंकू गौतम सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।