आजमगढ़। ठंड और शीतलहर को लेकर किए गए प्रशासनिक इंतजामों की निरीक्षण में पोल खुलती जा रही है। एडीएम वित्त एवं राजस्व के निरीक्षण में रिक्शा स्टैंड स्थित रैन बसेरे पर तीन लोग नशे में झूमते मिले। इसके साथ ही पालिका की ओर से बताए गए स्थानों पर अलाव भी जलता हुआ नहीं मिला। इस पर पालिका को फटकार लगाई गई है। रैन बसेरे में पालिकाकर्मियों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाने के साथ अलाव के बारे में विस्तृत जानकारी तलब की गई है। एडीएम वित्त एवं राजस्व गुरु प्रसाद ने पिछले दिनों कलक्ट्रेट के पास स्थित रैन बसेरे का निरीक्षण किया था। इस दौरान रैन बसेरे में तीन लोग नशे की हालत मिले थे। पूछताछ करने पर ज्ञात हुआ कि तीनों लोग पालिका के लिए शौचालय बनाने का काम कर रहे हैं। उन्हें यहीं रुकवाया गया है। इसके साथ ही पालिका की ओर से अलाव के लिए चिह्नित स्थानों का निरीक्षण भी किया गया। कहीं अलाव का पता नहीं था तो कहीं अलाव बुझे हालत में मिले। रिपोर्ट मिलने के बाद पालिका को जमकर फटकार लगाई गई है। रैन बसेरे में पालिका के तीन कर्मचारियों की तीन शिफ्ट में ड्यूटी लगाने के निर्देश दिए गए हैं। इसके साथ ही शहर में कहां-कहां अलाव जलाए जा रहे हैं, प्रत्येक स्थल पर कितनी लकड़ी गिराई जा रही है। वार्ड सभासद के साथ ही अलाव जलने के स्थान पर एक संभ्रांत व्यक्ति का मोबाइल नंबर भी मांगा गया है। अलाव न जलने की दशा में कार्रवाई की चेतावनी दी गई है।