आजमगढ़। प्रधानमंत्री आवास ग्रामीण के लिए अब धनराशि देने वाली सरकार आवास के निर्माण के लिए भूमिहीनों को जमीन भी देगी। सरकार की ओर से ऐसे भूमिहीनों का सर्वे कराया जाएगा। इसमें जितने भी पात्र लोग भूमिहीन मिलेंगे, उन्हें जमीन के पट्टे के साथ ही निर्माण धनराशि भी दी जाएगी। शासन के निर्देश के बाद ऐसे लोगों की तलाश किया जा रहा है। केंद्र सरकार की ओर से सोशल इकोनामिकल सर्वे में शामिल पात्रों को प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण की सुविधा से लाभान्वित किया जा रहा है। सूची में शामिल लोगों को तो आवास दिया ही जा रही है इसके अलावा सूची से छूटे लोगों का सर्वे करा उनका पंजीकरण आवास प्लस एप पर किया गया है। उसमें आवास के लिए लगभग 33 हजार लोग चिह्नित हुए हैं। अब शासन की ओर से ऐसे पात्रों का चयन भी किया जाएगा, जिनके पास आवास निर्माण के लिए भूमि भी नहीं है। अब तक सिर्फ उन्हीं लोगों को आवास मिलता था, जिनके पास जमीन है। भूमिहीनों के लिए कोई भी योजना नहीं थी। प्रदेश सरकार ने ऐसे लोगों को जमीन के पट्टे देने का फैसला किया है। इस संबंध में सभी जिलों के डीएम को भूमिहीनों के लिए आवासीय जमीन के पट्टे देने के निर्देश दिए गए हैं। मुख्य राजस्व अधिकारी आलोक वर्मा ने बताया कि आदेश मिला है। इस संबंध में सभी एसडीएम को निर्देशित किया गया है।