आजमगढ़। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ के विभिन्न गुटों, उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ और विद्यालयों ने अपने-अपने कार्यालयों में शोक सभा कर पूर्व प्रधान मंत्री अटल बिहारी वाजपेयी के निधन पर श्रद्धांजलि अर्पित की। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ द्वारा डीएवी इंटर कालेज में शोक सभा का आयोजन शुक्रवार को किया गया। संगठन के महामंत्री इंद्रासन सिंह ने कहा कि वाजपेयी जी की मौत से स्वच्छ और उत्कृष्ट राजनीति के एक युग का अंत हो गया। जिलाध्यक्ष बृजेश राय, जिला मंत्री विजय कुमार सिंह, दिवाकर तिवारी, मुन्नू यादव,वशिष्ठ सिंह, रामबिहारी सिंह सहित सभी शिक्षकों ने उनके चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित किए। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षक संघ की शोक बैठक भंवरनाथ स्थित कार्यालय में जिलाध्यक्ष शैलेश राय की अध्यक्षता में हुई। उन्होंने कहा कि अटल जी भारत के ही नहीं विश्व के महान नेता थे। उन्होंने भारतीय राजनीति में अमिट छाप छोड़ दी। इस मौके पर बालकेश दुबे, शेषनाथ मिश्र, मुहम्मद जफर, सुनील राय, दिनेश सिंह, बलवंत कुमार श्रीवास्तव, साकेत चतुर्वेदी सहित अनेक शिक्षक उपस्थित रहे। उत्तर प्रदेश माध्यमिक शिक्षणेत्तर संघ ने मडय़ा स्थित कार्यालय पर शुक्रवार को शोक बैठक का आयोजन किया। संघ के सभी सदस्यों ने अपने प्रिय पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी को अश्रुपूरित श्रद्धाजलि अर्पित किया गया। दो मिनट का मौन रखकर उनकी आत्मा की शांति के लिए ईश्वर से प्रार्थना की गई। इस अवसर पर जिलाध्यक्ष अशोक सिंह, जिला मंत्री इंद्रसेन सिंह, कोषाध्यक्ष सुनील सिंह, प्रांतीय मंत्री जर्नादन यादव सहित अनेक शिक्षक नेता उपस्थित रहे। इसी प्रकार श्री अग्रसेन महिला महाविद्यालय के सभागार में महाविद्यालय परिवार ने पूर्व प्रधानमंत्री अटल बिहारी वाजपेयी को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। प्राचार्या डा. निशा यादव ने उनके व्यक्तित्व और कृतित्व पर प्रकाश डाला। इस मौके पर सभी शिक्षक, शिक्षिकाएं उपस्थित रही।