आजमगढ़। जिले में निर्माणाधीन पांच मार्गों का काम पूरा कराने के लिए सरकार ने 1.35 करोड़ की धनराशि आवंटित की है।
वित्तीय वर्ष 2017-18 में ही शासन ने जिले के पांच मार्गो आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग, मुहम्मदाबाद-मुबारकपुर मार्ग, लालगंज-भीरा मार्ग, लालगंज-लहुवां मार्ग और लालगंज-तरवां मार्ग का निर्माण कार्य शुरू कराया था। आजमगढ़-गाजीपुर मार्ग के लिए स्वीकृत लागत 2 करोड़ 66 लाख 58 हजार के सापेक्ष दो करोड़, 19 लाख 93 हजार की धनराशि आवंटित थी। शेष 46 लाख 65 हजार रुपये की अंतिम किस्त भी शासन ने जारी कर दी है। इसी तरह मुहम्मदाबाद-मुबारकपुर मार्ग के लिए 24.95 लाख, लालगंज-भीरा मार्ग के लिए 20.43 लाख, लालगंज-लहुआ के लिए 18.27 लाख और लालगंज तरवां मार्ग के लिए 24.96 लाख रुपये अवंटित किए गए हैं। शेष धनराशि मिलने से आधा-अधूरा हुआ निर्माण कार्य जल्द पूरा हो जायेगा और आम जनता को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। संयुक्त सचिव उत्तर प्रदेश राजेश प्रताप सिंह ने धनराशि आवंटन का शासनादेश जारी करते हुए कार्यदायी संस्था को जल्द से जल्द निर्माण कार्य पूर्ण कराने का निर्देश भी दिया है।