आजमगढ़। सावन के दूसरे सोमवार को जनपद के विभिन्न शिव मंदिरों पर श्रद्धा का सैलाब उमड़ पड़ा। मंदिरों में जलाभिषेक करने वालों का तांता लगा रहा। शहर के समीप स्थित भंवरनाथ मंदिर पर सुबह पांच बजे से ही श्रद्धालुओं की भीड़ जुटनी शुरू हुई जो देर शाम तक जारी रही। इस दौरान लगभग 50 हजार की संख्या में श्रद्धालुओं ने बाबा के दरबार में मत्था टेका और परिवार के सुख समृद्धि की कामना की।
सावन के दूसरे सोमवार को लेकर रविवार को ही पूरी तैयारियां कर ली गई थीं। सावन माह में सभी शिव मंदिर लाइटों से जहां जगमगा रहे हैं, वहीं मंदिरों की शोभा भी निराली है। सुबह-शाम यहां श्रद्धालु पूजन-अर्चन कर रहे हैं। तमाम मंदिरों पर शाम को हरि कीर्तन भी चल रहा है। कुल मिलाकर शिव मंदिर शिवमय हो गए हैं। मार्टीनगंज के पातालपुरी धाम की महिमा अपरंपार है। यहां सुबह से शाम तक श्रद्धालुओं का रेला लगा रहा। भैरोबाबा मंदिर पर भी सोमवार को कांवरियों का जत्था बाबा का जलाभिषेक करता रहा। शहर के भंवरनाथ मंदिर पर रविवार से ही दूसरे सोमवार की तैयारियां चल रही थीं। सुबह पांच बजे से ही मंदिर पर भक्तों का रेला जुटना शुरू हो गया। दिन में नौ बजे तक खचाखच भीड़ हो गई। मंदिर में दो लाइन लगाकर लोगों को अंदर प्रवेश दिया जा रहा था। हाथ में पूजन सामग्री लेकर लोग अपने-अपने लाइन में इंतजार करते रहे। मंदिर के पदाधिकारी भी पूरी तरह से डंटे रहे। यहां दिनभर मेले जैसा दृश्य रहा। ऐसे में बच्चों ने भी आकर्षक खिलौनों की खरीददारी की और परिजनों के साथ शिव की आराधना की। यहां रंगारंग भक्ति गीतों का कार्यक्रम भी चल रहा था। गायक कलाकार राजेश रंजन अपनी पूरी टीम के साथ माहौल को भक्तिमय बनाने में जुटे हुए थे। पूरा क्षेत्र शिवमय नजर आ रहा था। भंवरनाथ मंदिर पर दिन भर महिलाएं व युवतियां उत्साह पूर्वक बाबा का दर्शन पाकर धन्य हो गईं। यहां युवतियां सेल्फी लेने भी मशगूल रहीं।
फैजाबाद की ओर से आने वाले सभी वाहन भंवरनाथ चौराहा से जुनेदगंज, हाफिजपुर, बेठौली तिराहा, सिधारी हाइडिल, नरौली तिराहा होते हुए गुजरे। गोरखपुर से आने वाले वाहन हाफिजपुर से बैठौली, सिधारी, हाइडिल चौराहा, नरौली तिराहा होते हुए अपने गंतव्य को रवाना हुए। इसी प्रकार वाराणसी, शाहगंज, जौनपुर, इलाहाबाद रोड से आने वाले सभी भारी वाहन जिसे गोरखपुर, अंबेडकरनगर वाया अपने गंतव्य को जाना था वे वाहन बेलइसा, ओवरब्रिज, रेलवे स्टेशन तिराहा, नरौली तिराहा, हाइडिल चौराहा, बैठौली तिराहा, हाफिजपुर चौराहा होकर अपने गंतव्य रवाना हुए। आजमगढ़ रोडवेज से गोरखपुर, फैजाबाद रोड जाने वाली रोडवेज, प्राइवेट बसें नरौली तिराहा, हाइडिल तिराहा, बैठौली तिराहा, हाफिजपुर चौराहा होकर अपने गंतव्य को रवाना हुए।