आजमगढ़। केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा परिषद (सीबीएसई) ने 11वीं और 12वीं की परीक्षा के प्रश्न पत्र में पूछे जाने वाले सवालों में कुछ बदलाव किया है। इसे लेकर गाइडलाइन भी यहां के स्कूलों में भेजी गई है। नई गाइडलाइन के अनुसार 2024-25 में परीक्षा में अब व्यावसायिक दक्षता कौशल ज्ञान आधारित 50 प्रतिशत सवाल पूछे जाएंगे। पहले पेपर में इनकी संख्या 40 प्रतिशत रहती थी। वहीं पेपर में पहले निर्मित प्रतिक्रिया आधारित सवालों की संख्या 40 प्रतिशत रहती थी। अब उनकी संख्या घटाकर 30 प्रतिशत कर दी गई है।
न्यू एजुकेशन पॉलिसी 2020 (एनईपी) के अनुसार 10वीं और 12वीं की बोर्ड परीक्षा में योग्यता आधारित सवाल अधिक पूछे जाने हैं। नए सत्र 2024-25 में 9वीं और 10वीं की परीक्षा में पूछे जाने वाले सवालों में कोई बदलाव नहीं किए गए हैं। वहीं 11वीं, 12वीं के प्रश्नपत्र की संरचना में बदलाव किए गए है। एमसीक्यू व केस आधारित प्रश्न, स्रोत-आधारित एकीकृत प्रश्न या किसी अन्य प्रकार के रूप में योग्यता केंद्रित प्रश्न 50 प्रतिशत, प्रतिक्रिया प्रकार के प्रश्न चुनें (एमसीक्यू) 20 प्रतिशत, निर्मित प्रतिक्रिया प्रश्न (लघु उत्तर प्रश्न व दीर्घ उत्तर प्रकार के प्रश्न, मौजूदा पैटर्न के अनुसार) 30 प्रतिशत पूछे जाएंगे।
वर्तमान शिक्षा व्यवस्था में हर प्रश्न के उत्तर को याद करने के अलावा और तरह की क्षमता की बच्चों में कमी देखी जाती रही है। अभी सुनने में आ रहा कि बोर्ड अब योग्यता आधारित सवाल 50 प्रतिशत पूछेगा। यदि ऐसा होता है तो परिस्थितियों से संबंधित सवाल का उत्तर देने से बच्चों की बौद्धिक क्षमता बढ़ेगी। - नीलेश श्रीवास्तव, प्रधानाचार्य।