आजमगढ़। अस्पताल के गुणवत्ता मानकों को पूरा करने का इनाम लाइफ लाइन को मिला है। एसोसिएशन आफ हैल्थकेयर प्रोवीडर इंडिया द्वारा उसे एएचपीआई अवार्ड 2019 से नवाजा गया है। इसकी जानकारी शनिवार को लाइफ लाइन परिसर में आयोजित प्रेसवार्ता के दौरान मशहूर न्यूरोसर्जन डा. अनूप सिंह यादव ने दी। उन्होंने बताया कि हेल्थकेयर प्रोवीडर इंडिया भारत की ऐसी संस्था है जो स्वास्थ्य क्षेत्र में गुणवत्ता के मानकों का निर्धारण एवं अध्ययन करती है। सात विभिन्न वर्गों में हर साल पुरस्कार देती है। यह प्रतियोगिता देश को चार जोन ईस्ट, वेस्ट, नॉर्थ और साउथ में बांटकर आयोजित की गई। नॉर्थ इंडिया में लाइफ लाइन हॉस्पिटल एंड रिसर्च सेंटर को इस अवार्ड से नवाजा गया है। 15 फरवरी 2019 को दिल्ली एनसीआर क्षेत्र में आयोजित राष्ट्रीय कार्यक्रम में केंद्रीय राज्य मंत्री बीके सिंह ने इस पुरस्कार को प्रदान किया। डा. गायत्री ने बताया कि यह पुरस्कार सिर्फ और सिर्फ पूर्वांचल की जनता के विश्वास, साथ और आशीर्वाद का द्योतक है। डा. पीयूष कुमार सिंह ने बताया कि लाइफ लाइन हॉस्पिटल के क्रिटिकल केयर और न्यूरो सर्जरी विभाग में कुछ नए आयाम जुड़े हैं। लाइफ लाइन हॉस्पिटल न्यूरो सर्जरी में रिसर्च को भी बढ़ावा देने जा रहा है हम इमरजेंसी सर्विसेज को और ज्यादा मजबूत कर रहे हैं। साथ ही गंभीर मरीजों के लिए कई सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है। इस मौके पर रायपुर न्यूरोसर्जरी विभाग के हेड डा. नरेश कृष्णानी, कोल्हापुर मंबई के डा. रामचंद्र देसाई और रांची के डा. कुणाल उपस्थित थे।