आजमगढ़। जनपद में राज्य आवासीय विश्वविद्यालय की मांग को लेकर छठे दिन भी युवा और प्रबुद्ध लोग अनशन पर डटे रहे। विश्वविद्यालय की मांग को समर्थन देने के लिए विभिन्न संगठनों के लोग अनशन पर पहुंचे। आज कोयलसा ब्लॉक के लोगों ने अनशन की अगुवाई की। अनिश्चितकालीन क्रमिक अनशन सभा को संबोधित करते हुए प्राथमिक शिक्षक संघ के जिलाध्यक्ष शैलेश राय ने कहा कि विश्वविद्यालय के लिए जनपदवासी कमर कस चुके हैं। सरकार को आजमगढ़ में विश्वविद्यालय देना ही होगा। कोयलसा ब्लॉक के प्रभारी संतोष सिंह ने कहा कि विश्वविद्यालय के मुद्दे पर हम सब प्रबुद्धजन को एकजुट होना होगा। ऑटो रिक्शा यूनियन के कृपाशंकर पाठक ने कहा कि सरकार की उदासीनता के चलते जनपदवासियों को विश्वविद्यालय के लिए अनशन करना पड़ रहा है। पूर्वांचल विकास आंदोलन के प्रवीण सिंह ने कहा कि हम युवा विश्वविद्यालय लेकर रहेंगे। कर्मचारी नेता गुलाब राय ने कहा कि विश्वविद्यालय के मुद्दे पर सभी राजनीतिक दलों को राजनीतिक मतभेदों से ऊपर उठकर प्रयास करना होगा। अमित राय, राजीव तलवार, बृजेश सिंह, जगन्नाथ राजभर, गुलाब चंद्र चौहान, बालकेश दुबे, शेषनाथ मिश्र, सत्यजीत श्रीवास्तव, रवि यादव, सौरभ यादव, रूदल सोनकर, अमित कुमार सिंह आदि थे।