आजमगढ़। धन के अभाव में रुके संपर्क मार्गों के निर्माण के मद में शासन ने 1.76 करोड़ रुपये की धनराशि अवमुक्त किया है। जिलाधिकारी/मुख्य राजस्व अधिकारी ने इन संपर्क मार्गों के निर्माण के लिए धन का प्रस्ताव शासन को भेजा था। इस धनराशि से कुल छह संपर्क मार्गों का निर्माण कार्य पूर्ण कराया जायेगा। जिले के ग्रामीण क्षेत्र में आधा दर्जन संपर्क मार्गों के निर्माण का कार्य धनाभाव में रुका पड़ा था। जिसके लिए जिलाधिकारी/मुख्य राजस्व अधिकारी द्वारा शासन को पत्र लिख कर धनराशि की मांग की गई। इन छह संपर्क मार्गों के लिए जिला प्रशासन ने 1.76 करोड़ रुपये की धनराशि मांगी थी। जिसे शासन ने स्वीकृत करते हुए अवमुक्त कर दिया है। शासन से अवमुक्त हुई धनराशि से रूद्रपुर महुई से मिश्रपुर सूरजा होते हुए करखिया रूस्तम सराय संपर्क मार्ग (लंबाई 2.10 किमी), लेडूपार अनुसूचित बस्ती संपर्क मार्ग (लंबाई 0.48 किमी), खानपुर भगतपट्टी अनुसूचित बस्ती संपर्क मार्ग (लंबाई 1 किमी), जुड़ारामपुर अनुसूचित बस्ती संपर्क मार्ग (0.76 किमी), भुलनडीह अनुसूचित बस्ती प्रथम संपर्क मार्ग (लंबाई 1.60किमी) और सरायमीर-नंदाव से नंदाव पसियाना बस्ती संपर्क मार्ग का नव निर्माण कार्य (लंबाई 1.20 किमी) का कार्य कराया जायेगा। इन संपर्क मार्गों के बन जाने से ग्रामीणों को आवागमन में काफी सहूलियत होगी। जल्द ही इन संपर्क मार्गों का निर्माण कार्य शुरू हो जायेगा।