आजमगढ़। मधुमेह से होने वाले खतरों की ओर लोगों का ध्यान आकृष्ट कराने और बचाव के उपाय के प्रति जागरूकता लाने के लिए अमर उजाला फाउंडेशन और स्वास्थ्य विभाग की और से बुधवार की सुबह 10 बजे से जिला अस्पताल से जागरूकता रैली निकाली जाएगी। रैली के बाद अस्पताल परिसर में गोष्ठी आयोजित होगी और विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। वहीं मेडिकल एंड रिप्रजेंटेटिव संघ की ओर से नि:शुल्क डायबिटीज चेकप कैंप का आयोजन रैदोपुर में किया जाएगा। प्रभारी सीएमओ डॉ. परवेज अख्तर ने बताया कि आज मधुमेह रोगियों की संख्या में तेजी से बढ़ोत्तरी हो रही है। इससे होने वाले खतरों व बचाव के तरीकों से लोग अनभिज्ञ है। बुधवार को विश्व मधुमेह दिवस है। ऐसे में इस दिन ग्लोबल डायबिटीज वॉक का आयोजन किया जा रहा है। डायबिटीज को लेकर निकलने वाली यह जागरूकता रैली मंडलीय अस्पताल से निकाली जाएगी। जिसमें विद्यालयों के बच्चों, विभिन्न सामाजिक संगठनों भारत रक्षा दल, जागो युवा सेवा संस्थान, नारी शक्ति संस्थान, महिला मंडल के साथ ही एनसीसी के कैडेट आदि शामिल होंगे। रैली के माध्यम से लोगों को डायबिटीज से होने वाले खतरों से आगाह करने के साथ ही बचाव के उपायों की भी जानकारी दी जाएगी। ग्लोबल डायबिटीज वॉक के पश्चात सीएमओ कार्यालय सभाकक्ष में जागरूकता संगोष्ठी आयोजित की जाएगी। इसके साथ ही विभिन्न विद्यालयों में निबंध प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। रैली को मंडलायुक्त जगतराज और जिलाधिकारी शिवाकांत द्विवेदी हरी झंडी दिखाकर रवाना करेंगे।