बलरामपुर। मुख्यमंत्री जन आरोग्य मेला के तहत जिले 77 स्वास्थ्य केंद्रों पर आयोजित शिविर में 2931 मरीजों ने स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ उठाया। मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एनआर वर्मा ने मनचोभा, कुंदीगढ़, दलसिंगार और मड़या स्थित नगरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्य चिकित्साधिकारी ने बताया कि मेले में पंजीकृत मरीजों में 1030 पुरुष, 1599 महिलाएं तथा 302 बच्चे शामिल रहे। स्वास्थ्य सेवाओं के सुचारु संचालन के लिए 107 चिकित्सक एवं 313 पैरामेडिकल कर्मियों की तैनाती की गई थी, जिन्होंने विभिन्न रोगों की जांच, चिकित्सकीय परामर्श एवं निःशुल्क दवा वितरण सुनिश्चित किया। मेले के दौरान 360 मधुमेह, 166 उच्च रक्तचाप, 338 गैस्ट्रो, 293 श्वसन, 325 त्वचा, 70 यकृत, 26 क्षय रोग तथा 57 एनीमिया के मरीजों का उपचार प्रारंभ किया गया। इसके अतिरिक्त 208 गर्भवती महिलाओं की एएनसी जांच की गई तथा 142 कुपोषित बच्चों की पहचान कर उन्हें आवश्यक परामर्श एवं पोषण संबंधी निर्देश दिए गए। सीएमओ ने बताया कि कोविड-19 हेल्प डेस्क पर 345 मरीजों की जांच की गई और 51 आयुष्मान गोल्डन कार्ड बनाए गए। वहीं गंभीर स्थिति वाले 25 मरीजों को मेडिकल, सामान्य शल्य, नेत्र, स्त्री एवं प्रसूति रोग तथा ईएनटी सहित अन्य विभागों में उच्च चिकित्सा संस्थानों के लिए रेफर किया गया। निरीक्षण के दौरान मुख्य चिकित्साधिकारी ने साफ-सफाई, ओपीडी व्यवस्था, दवा उपलब्धता, जांच सुविधाओं एवं उपकरणों का भौतिक सत्यापन किया।