आजमगढ़। आजमगढ़ मंडल के तीनों जिलों में सौभाग्य योजना फेज-3 के तहत लगभग 250 मंजरों में विद्युतीकरण का कार्य कराया जाएगा। इसकी डीपीआर (डिटेल प्रोजेक्ट रिपोर्ट) तैयार की जा रही है। जल्द ही पोल व केबल लगाने काम शुरू हो जाएगा। सौभाग्य योजना के प्रथम व द्वितीय चरण में मंडल में विद्युतीकरण से छूटे मंजरों का विद्युतीकरण कराया गया। वहां विद्युत आपूर्ति सुचारू रूप से चल रही है लेकिन प्रथम व द्वितीय चरण में हुए विद्युतिकरण के बाद भी दर्जनों मंजरों में विद्युतीकरणा का काम नहीं हो पाया था। जिसके कारण मंजरों में रहने वाले लोगों को आज भी अंधेरे में रहना पड़ता था। इसमें जो लोग सक्षम थे वह किसी प्रकार दूर से केबल खींचकर विद्युत का उपयोग कर लेते हैं लेकिन बहुत से लोगों तक बिजली नहीं पहुंच पाई है। ऐसे मंजरों का विभाग ने सर्वे कराया। आजमगढ़, मऊ व बलिया जनपद में 250 ऐसे मंजरें व टोले हैं जहां का विद्युतीकरण नहीं हो पाया है। यहां पर विद्युतीकरण कराने के लिए बिजली विभाग द्वारा डीपीआर तैयार कराया जा रहा है। जल्द ही इन मंजरों में सौभाग्य योजना फेज-3 के तहत विद्युतीकरण का काम शुरू हो जाएगा। मुख्य अभियंता विद्युत के अनिल नारायण सिंह ने बताया कि मंडल के तीनों जिलों में लगभग 250 मंजरें व टोले ऐसे है जहां का विद्युतीकरण नहीं हो पाया था। डीपीआर तैयार किया जा रहा है। जल्द ही विद्युतीकरण का काम शुरू हो जाएगा।