आजमगढ़। मुबारकपुर थाना पुलिस ने गुजारपार गांव स्थित पुलिया से 25 हजार के इनामी बदमाश को गिरफ्तार किया। जहानागंज थाने में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज है। बीते 12 जुलाई को पुलिस अधीक्षक ने उस पर 25 हजार का इनाम घोषित किया था। एचएचओ योगेंद्र बहादुर सिंह ने बताया कि शनिवार की भोर में सूचना मिली कि गैंगस्टर में वांछित अभियुक्त मनोज यादव निवासी श्रीनगर सियरहा थाना बिलरियागंज गुजारपार पुलिया के पास मौजूद है। वह किसी घटना को अंजाम देने की तैयारी में है। पुलिस टीम मौके पर पहुंची तो वह भागने का प्रयास किया लेकिन उसे पकड़ लिया गया। तलाशी लेने पर उसके पास से तमंचा व कारतूस बरामद हुआ। एसएचओ ने बताया कि पकड़े गए बदमाश पर 25 हजार का इनाम घोषित है। जहानागंज थाने में उसके खिलाफ गैंगस्टर एक्ट में मुकदमा दर्ज है। वह जहानागंज थाना क्षेत्र में लूट, छिनैती, डकैती की घटना को अंजाम देने वाले एक गैंग का सक्रिय सदस्य है। उस पर आधा दर्जन मुकदमे दर्ज हैं। एसपी अनुराग आर्य ने 12 जुलाई को मनोज यादव उर्फ मोनू के अलावा इस गैंग के अवधराज राजभर, अजय यादव, रोहित यादव, हरेंद्र यादव पर 25-25 हजार का इनाम घोषित किया था। यह गैंग जनपद के जहानागंज थाना क्षेत्र में सक्रिय है।