सगड़ी। जीयनपुर कोतवाली के मनिकाडीह बाजार स्थित सराफा की दुकान का ताला तोड़ कर चोरों ने 25 लाख का माल पार कर दिया। जिसमें 10 लाख नकद व 14 लाख के जवेरात शामिल है। इसके अलावा कुछ अन्य सामान भी चोर उठा ले गए है। शनिवार की सुबह घटना की जानकारी होने पर पीड़ित दुकानदार ने पुलिस को सूचना दिया। पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ पहुंच कर मौका मुआयना किया।
नत्थूपुर गांव निवासी भारत भूषण उर्फ सोनू सेठ मनिकाडीह बाजार निवासी तेज प्रताप राय के मकान में किराये पर दुकान लेकर सराफा व साड़ी की दुकान खोल रखा है। रोज की भांति शुक्रवार की रात वह दुकान बंद कर घर चला गया। रात में 10 से 12 की संख्या में चोर मौके पर पहुंचे और भारत भूषण के दुकान पर लगे चैनल में बंद ताला को तोड़ डाला।
इसके बाद शटर तोड़ कर चोर अंदर घुस गए और फिर दुकान में रखे तिजोरी को तोड़ कर उसमें रखे 10 लाख नकदी के अलावा 11 लाख कीमत का सोना व साढ़े तीन लाख कीमत का चांद के जेवरात व कुछ कीमती साड़ियां आदि उठा ले गए। रात में पास में सोए एक चाय विक्रेता श्री प्रजापति की नींद टूटी तो उसे चोरों ने असलहा सटा कर शोर मचाने पर गोली मार देने की धमकी दी। जिससे वह डर कर शांत हो गया। चोरों के जाने के बाद घटना की जानकारी सराफा कारोबारी भारत भूषण को दी गई। जानकारी होते ही वह मौके पर पहुंच गया। पीड़ित के अनुसार चोर लगभग 25 लाख का माल पार कर दिए है। पीड़ित की सूचना पर जीयनपुर कोतवाली पुलिस फोरेंसिक टीम के साथ मौके पर पहुंची और जांच पड़ताल किया। पीड़ित ने घटना के बाबत जीयनपुर कोतवाली पुलिस को लिखित तहरीर भी दे दिया है।