आजमगढ़। चुनाव के दौरान इसमें आदर्श आचार संहिता का पालन कराने के लिए गठित गई टीमों के क्रियाकलापों पर नजर रखने के लिए आयोग की ओर से इनको दी जाने वाली गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाने का निर्देश दिया गया है। इस निर्देश के क्रम में बुधवार को 20 गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाया गया। जनपद में चुनाव की निगरानी करने के लिए हर विधानसभा में तीन-तीन कुल मिलाकर 30 फ्लाइंग स्क्वायड टीम, 30 स्टैटिक सर्विलांस टीम, सभी विधानसभाओं में एक-एक कुल मिलाकर 10 वीडिओ सर्विलांस टीम, 10 वीडिओ अवलोकन टीम, एक एमसीएमसी टीम और आदर्श आचार संहिता के अनुपालन के लिए आठ टीमों का गठन किया गया है। इन टीमों द्वारा क्षेत्र में भ्रमण पर चुनाव के दौरान प्रत्याशियों की एक-एक हरकत की निगरानी की जाएगी। इनके द्वारा क्षेत्र में क्या गतिविधियां की जा रही है। टीमें क्षेत्र में जा रही हैं या नहीं इसकी मानीटरिंग के लिए निर्वाचन आयोग की ओर से इन टीमों को दी जाने वाली गाड़ियों में जीपीएस सिस्टम लगाने का निर्देश दिया गया है। इसी क्रम में जनपद की एक संस्था को इसका टेंडर दिया गया है फर्म द्वारा बुधवार को 20 गाड़ियों में जीपीएस लगाने का कार्य किया गया।